Friday, October 16, 2026
English edition
युवक ने छिपाई असली पहचान, शादी के बाद धर्म बदलने का दबाव, पति समेत 3 अरेस्ट

India

युवक ने छिपाई असली पहचान, शादी के बाद धर्म बदलने का दबाव, पति समेत 3 अरेस्ट

May 20, 2026 Source: Bharat Vaani

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर में एक कथित लव जिहाद मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक युवती ने आरोप लगाया है कि एक मुस्लिम युवक ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को हिंदू बताया और उससे शादी कर ली। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने अपना नाम “विजय” बताकर उससे दोस्ती की थी और बाद में प्रेम संबंध बनाकर विवाह कर लिया। शादी के कुछ समय बाद युवती को पता चला कि युवक का असली नाम इमरान शेख है। पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद आरोपी उसे बिहार लेकर गया, जहां उस पर मुस्लिम रीति-रिवाज अपनाने का दबाव बनाया गया। युवती का आरोप है कि उसे जबरन बुर्का और हिजाब पहनने के लिए मजबूर किया जाता था। इसके अलावा उस पर नमाज पढ़ने और गोमांस खाने का भी दबाव बनाया गया। युवती ने यह भी दावा किया कि आरोपी और उसके परिवार के लोग हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अपमानजनक बातें करते थे, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी। युवती के मुताबिक शादी के बाद उसका लगातार उत्पीड़न किया गया। उसने आरोप लगाया कि सास-ससुर और परिवार के अन्य सदस्य भी उसे प्रताड़ित करते थे। पीड़िता ने कहा कि उसके देवरों की नीयत भी ठीक नहीं थी और परिवार का माहौल उसके लिए बेहद असुरक्षित हो गया था। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने बाद में दूसरी शादी भी कर ली। पीड़िता ने बताया कि उसका एक बच्चा भी है, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ होने वाला अत्याचार बंद नहीं हुआ। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इमरान शेख और उसके दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के माता-पिता और अन्य परिवार के सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयान और उपलब्ध सबूतों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना सामने आने के बाद इलाके में नाराजगी और चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।