Sunday, May 24, 2026
English edition

India

गृहमंत्री अमित शाह का बस्तर दौरा, CAPFs जवानों का बढ़ाया हौसला

May 18, 2026 Source: Bharat Vaani

रायपुर, 18 मई 2026/ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज बस्तर संभाग के जगदलपुर प्रवास के दौरान शहीद जवानों के परिजनों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs) के जवानों तथा नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने उनकी समस्याओं, अनुभवों और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। श्री अमित शाह ने शहीद जवानों के परिवारजनों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनके त्याग और बलिदान को देश के लिए अमूल्य बताया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा और केंद्र सरकार उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। नक्सल पीड़ितों से चर्चा करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र अब शांति और विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार नक्सलवाद के समूल उन्मूलन और प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, रोजगार और सुरक्षा के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। CAPFs के जवानों से संवाद के दौरान श्री शाह ने उनके साहस, समर्पण और कठिन परिस्थितियों में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने में सुरक्षाबलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह मुलाकात बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Related links