Wednesday, October 21, 2026
English edition
RSS महासचिव दत्तात्रेय होसबाले का बड़ा बयान- पाकिस्तान से संवाद बंद नहीं होना चाहिए

World

RSS महासचिव दत्तात्रेय होसबाले का बड़ा बयान- पाकिस्तान से संवाद बंद नहीं होना चाहिए

May 13, 2026 Source: Bharat Vaani

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने पाकिस्तान को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसे कई लोग संघ के रुख में बदलाव के तौर पर देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत को पाकिस्तान के साथ बातचीत के रास्ते पूरी तरह बंद नहीं करने चाहिए। उनके अनुसार दोनों देशों के बीच व्यापार, खेलकूद और वीजा जैसी गतिविधियां जारी रहनी चाहिए, ताकि संवाद की एक खिड़की हमेशा खुली रहे। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर पाकिस्तान की ओर से पुलवामा या पहलगाम जैसे आतंकी हमले होते हैं, तो भारत को कड़ा और परिस्थितियों के अनुसार जवाब देना चाहिए। एक इंटरव्यू में होसबाले ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं, क्योंकि दोनों कभी एक ही देश का हिस्सा थे। उन्होंने माना कि पाकिस्तान के राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व पर भरोसा कम है, इसलिए वहां के खिलाड़ियों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और सिविल सोसायटी को आगे आकर बेहतर माहौल बनाने में भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कूटनीतिक रिश्ते बनाए रखना जरूरी है और बातचीत के सभी रास्ते बंद करना सही नहीं होगा। सनातन धर्म को लेकर दिए गए बयान में होसबाले ने कहा कि सनातन शाश्वत है और किसी के कहने भर से खत्म नहीं हो सकता। यह टिप्पणी उदयनिधि स्टालिन के सनातन विरोधी बयान के संदर्भ में आई। इसके अलावा हिंदू राष्ट्र और मुस्लिमों की सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत पहले से ही हिंदू राष्ट्र है, लेकिन इसका मतलब धार्मिक राष्ट्र नहीं बल्कि सांस्कृतिक पहचान से है। उन्होंने कहा कि धर्म बदलने से राष्ट्रीयता नहीं बदलती और भारत में मुसलमानों को दूसरे दर्जे का नागरिक नहीं माना जाता। सरकारी योजनाओं का लाभ सभी समुदायों तक पहुंच रहा है और RSS लगातार अल्पसंख्यक समाज के लोगों से संवाद बनाए हुए है।