India
अब IGI एयरपोर्ट पर नहीं चलेगी लापरवाही, 24 घंटे नजर रखेंगे हाईटेक कैमरे
May 9, 2026 Source: Bharat Vaani
दिल्ली के Indira Gandhi International Airport क्षेत्र में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अब सख्त और पूरी तरह तकनीक आधारित कार्रवाई की जाएगी। एयरपोर्ट के आसपास बढ़ते ट्रैफिक दबाव और लगातार हो रहे नियम उल्लंघनों को देखते हुए DIAL और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मिलकर हाईटेक निगरानी प्रणाली शुरू की है। इस नई व्यवस्था के तहत एयरपोर्ट परिसर और उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर AI-सक्षम ANPR (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) कैमरे लगाए गए हैं, जो 24 घंटे वाहनों की निगरानी करेंगे।
फिलहाल 14 हाई-डेफिनिशन कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं, जबकि आने वाले समय में 35 और कैमरे लगाने की योजना है। ये कैमरे सड़क से गुजरने वाले हर वाहन की नंबर प्लेट को रियल टाइम में स्कैन करेंगे और तेज रफ्तार, गलत दिशा में ड्राइविंग, रेड लाइट जंपिंग, अवैध पार्किंग, सीट बेल्ट या हेलमेट न पहनने जैसे नियम उल्लंघनों की पहचान करेंगे। खास बात यह है कि अब मौके पर पुलिसकर्मी की मौजूदगी जरूरी नहीं होगी, क्योंकि पूरा सिस्टम डिजिटल तकनीक के जरिए स्वतः काम करेगा।
कैमरों द्वारा रिकॉर्ड की गई जानकारी सीधे दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल सिस्टम तक पहुंचेगी। सत्यापन के बाद संबंधित वाहन मालिक के नाम पर तुरंत ई-चालान जारी किया जाएगा, जो सीधे उसके पते पर भेजा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि एयरपोर्ट क्षेत्र में ट्रैफिक अनुशासन मजबूत करना और यात्रियों की आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाना है।
नई स्मार्ट ट्रैफिक मॉनिटरिंग व्यवस्था सेंट्रल स्पाइन रोड, एरोसिटी, कार्गो टर्मिनल, एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन और टर्मिनल-1 निकास मार्ग जैसे संवेदनशील इलाकों में लागू की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई से सड़क हादसों में कमी आने और ट्रैफिक जाम को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।