Monday, May 25, 2026
English edition

India

फुलबासन यादव मामले में सीएम साय सख्त, पुलिस को दिए कड़े निर्देश

May 6, 2026 Source: Bharat Vaani

फुलबासन यादव मामले में सीएम साय सख्त, पुलिस को दिए कड़े निर्देश
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पद्मश्री से सम्मानित समाजसेवी फुलबासन यादव के साथ हुई कथित अपहरण की कोशिश को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्वयं फोन पर फुलबासन यादव से बात कर उनका हालचाल जाना और पूरी घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी आरोपी को बख्शा न जाए। फुलबासन यादव ने घटना के बाद पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया और मुख्यमंत्री तथा पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। यह घटना मंगलवार को सामने आई, जब कुछ लोगों ने उन्हें बहाने से कार में बैठाकर अपहरण करने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, दो महिलाएं कार लेकर उनके घर पहुंचीं और किसी काम का हवाला देकर उन्हें अपने साथ चलने के लिए कहा। जैसे ही वह कार में बैठीं, आरोपियों ने उनका मुंह बांध दिया और नेशनल हाईवे की ओर भागने लगे। हालांकि, इलाके में ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता के चलते बड़ी घटना टल गई। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रोका। इसी बीच फुलबासन यादव ने हिम्मत दिखाते हुए इशारों के जरिए पुलिस को बताया कि उनका अपहरण किया जा रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार में मौजूद दोनों महिलाओं को पकड़ लिया और उन्हें स्थानीय थाने को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी खुशबू साहू नाम की युवती है, जो बेमेतरा जिले के एक गांव की निवासी बताई जा रही है। वह कथित रूप से स्कॉर्पियो वाहन के साथ योजना बनाकर आई थी और उसके साथ अन्य सहयोगी भी शामिल थे। पुलिस ने कुल चार आरोपियों—दो महिलाओं और दो पुरुषों—को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण के पीछे का मकसद क्या था और आरोपियों की योजना क्या थी। मामले की जांच जारी है और प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।