Politics
अदिति सिंह के कांग्रेस जाने की चर्चा के बीच योगी से मुलाकात
September 19, 2026 Source: Bharat Vaani
रायबरेली सदर से बीजेपी विधायक अदिति सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की. 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गलियारों में उनके कांग्रेस में वापसी की चर्चा थी, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा साझा तस्वीर ने सियासी माहौल को बदल दिया है.
रायबरेली सदर से बीजेपी विधायक अदिति सिंह की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मुलाकात की हंसती-खिलखिलाती तस्वीर ने उनके पार्टी छोड़ने की अटकलों पर विराम लगा दिया है.
उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में पिछले कुछ दिनों से सिसासी गलियारों में यह कयास लगाए जा रहे थे कि अदिति सिंह बीजेपी छोड़कर एक बार फिर कांग्रेस पार्टी का दामन थाम सकती हैं.
यह भी अटकलें लगाई जा रही थी कि अदिति सिंह बीजेपी में अपनी भूमिका से संतुष्ट नहीं हैं और वे पाला बदलने पर विचार कर रही हैं. सोशल मीडिया पर भी उनके पाला बदलने की अटकलों को खूब तूल दिया जा रहा था.
*मुख्यमंत्री कार्यालय ने साझा की तस्वीर*
हालांकि, अदिति सिंह की ओर से पहले भी इन अटकलों को खारिज किया जा चुका था. लेकिन फिर भी यह अटकलें थी कि अदिति सिंह कभी भी कांग्रेस में वापसी कर सकती हैं. अब मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से X पर यह तस्वीर साझा की गई है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है.
इसमें तस्वीर में अदिति सिंह हंसती-मुस्कुराती नजर आ रही हैं. तस्वीर सामने आने के बाद उनके बीजेपी छोड़ने से जुड़ी चर्चाओं को लेकर स्थिति साफ होती नजर आ रही है.
*बहुत कुछ कहती है तस्वीर*
अदिति सिंह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना अभिभावक मानती हैं. बीजेपी में उनके आने आने और पार्टी में बने रहने के फैसले को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जोड़कर देखा जाता रहा है. ऐसे में, मुख्यमंत्री योगी के साथ उनकी यह तस्वीर ऐसे वक्त में आई है जब राजनीतिक गलियारों में उनके पार्टी बदलने को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी. इस तस्वीर ने इन सभी अटकलों को काफी हद तक शांत कर दिया है.