Saturday, July 11, 2026
English edition

World

पाकिस्तान का गायब बोइंग 737 अरब सागर में मिला, चालक दल की तलाश जारी

July 9, 2026 Source: Bharat Vaani

पाकिस्तान का गायब बोइंग 737 अरब सागर में मिला, चालक दल की तलाश जारी
पाकिस्तान में मंगलवार रात लापता हुए K2 एयरवेज के बोइंग 737 कार्गो विमान का मलबा अरब सागर से बरामद कर लिया गया है। पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) ने बुधवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि विमान का मलबा बलूचिस्तान तट के ओरमारा बंदरगाह से करीब 53 नॉटिकल मील दक्षिण में मिला है। हालांकि विमान में सवार सभी पांच क्रू मेंबर्स का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है और उनकी तलाश लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार, 27 साल पुराना यह कार्गो विमान संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह से कराची के लिए उड़ान भरकर आ रहा था। उड़ान के दौरान अरब सागर के ऊपर अचानक विमान का नेविगेशन सिस्टम फेल हो गया, जिसके बाद उसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया और वह रडार से गायब हो गया। घटना के बाद पाकिस्तान के समुद्री और हवाई बचाव दलों ने तुरंत बड़े स्तर पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 12 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद राहत टीमों ने समुद्र में विमान का मलबा खोज निकाला और उसकी पहचान K2 एयरवेज के उसी कार्गो विमान के रूप में की गई। अधिकारियों के मुताबिक, मलबा उसी क्षेत्र के पास मिला है, जहां मंगलवार रात विमान से अंतिम बार संपर्क हुआ था। पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने बताया कि विमान में सवार सभी पांचों क्रू मेंबर पाकिस्तानी नागरिक थे। फिलहाल बचाव दल समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, ताकि लापता चालक दल के सदस्यों का पता लगाया जा सके। वहीं, विमान हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी में नेविगेशन सिस्टम में खराबी को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।