Saturday, July 11, 2026
English edition

World

ऑपरेशन 'Hard Ball' में FBI की बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस गैंग के 20 सदस्य गिरफ्तार

July 8, 2026 Source: Bharat Vaani

ऑपरेशन 'Hard Ball' में FBI की बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस गैंग के 20 सदस्य गिरफ्तार
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाया है। **'ऑपरेशन हार्ड बॉल (Operation Hard Ball)'** के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में फैले गैंग के ठिकानों पर एक साथ 50 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में 20 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बड़ी मात्रा में हेरोइन, कोकीन समेत अन्य मादक पदार्थ, कई आग्नेयास्त्र और हजारों डॉलर की नकदी बरामद की गई। FBI ने यह अभियान स्थानीय पुलिस एजेंसियों के सहयोग से चलाया। जांच एजेंसी का कहना है कि ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य लॉरेंस बिश्नोई के अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट को पूरी तरह ध्वस्त करना है। कार्रवाई के दौरान लॉरेंस बिश्नोई के अलावा उसके करीबी सहयोगियों गोल्डी बराड़ और जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े नेटवर्क को भी निशाने पर लिया गया। बताया जा रहा है कि कनाडा सरकार पहले ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकी संगठन घोषित कर चुकी है। वहीं, गैंग से जुड़ा अनमोल बिश्नोई भी लंबे समय तक अमेरिका में छिपकर रह चुका है। भारतीय जांच एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क भारत के अलावा अमेरिका, कनाडा और यूरोप तक फैला हुआ है। गैंग के कई सदस्य भारत से फरार होकर इन देशों में अपना ठिकाना बना चुके हैं और वहीं से संगठित अपराध संचालित कर रहे हैं। उन पर विदेशों में रह रहे भारतीय मूल के लोगों से रंगदारी वसूलने, ड्रग्स तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। FBI की इस बड़ी कार्रवाई को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के वैश्विक नेटवर्क पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार माना जा रहा है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस ऑपरेशन से गैंग की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों और आर्थिक नेटवर्क को बड़ा झटका लगेगा।