Saturday, October 17, 2026
English edition
गांसू में पहाड़ दरका, 21 मजदूरों की दर्दनाक मौत; सात लोग घायल

World

गांसू में पहाड़ दरका, 21 मजदूरों की दर्दनाक मौत; सात लोग घायल

July 8, 2026 Source: Bharat Vaani

चीन के पश्चिमी प्रांत गांसू में मंगलवार सुबह आए भीषण भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। हादसा लोंगनान शहर के नान्हे टाउनशिप स्थित रेनजांग गांव में सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और चट्टानें नीचे आ गिरीं। देखते ही देखते घाटी का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया और वहां मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए। चीनी प्रशासन के अनुसार, भूस्खलन के समय घाटी में स्थित सरकारी वानिकी (फॉरेस्ट्री) फार्म में काम करने वाले 33 स्थानीय मजदूर और ग्रामीण मौजूद थे। राहत एवं बचाव दल ने तत्काल अभियान शुरू किया। लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 21 लोगों के शव मलबे से निकाले गए। वहीं पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि सात घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। सरकारी मीडिया के मुताबिक, मृतकों और प्रभावित लोगों में अधिकांश आसपास के गांवों के निवासी थे, जिन्हें सरकारी फॉरेस्ट्री फार्म में अस्थायी मजदूर के रूप में काम पर रखा गया था। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बुधवार को राहत और बचाव अभियान पूरा होने के बाद प्रशासन ने मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि की। हालांकि, भूस्खलन की सटीक वजह अभी सामने नहीं आई है। विशेषज्ञ घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती आशंका है कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां और मौसम इस हादसे की वजह हो सकते हैं। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।