Saturday, October 17, 2026
English edition
पहलगाम आतंकी हमले में NIA की बड़ी कार्रवाई, हाफिज सईद के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट

World

पहलगाम आतंकी हमले में NIA की बड़ी कार्रवाई, हाफिज सईद के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट

July 6, 2026 Source: Bharat Vaani

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पहलगाम आतंकी हमले की जांच में बड़ा कदम उठाते हुए लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। यह मामला 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से जुड़ा है, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक शामिल थे। NIA ने जम्मू स्थित विशेष अदालत में दाखिल सप्लीमेंट्री चार्जशीट में हाफिज सईद को इस पूरे हमले का मुख्य साजिशकर्ता बताया है। एजेंसी का कहना है कि उसने पाकिस्तान से बैठकर भारत के खिलाफ आतंकी साजिश रची और लश्कर-ए-तैयबा के साथ-साथ उसके प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के जरिए इस हमले को अंजाम दिलाने की योजना बनाई। चार्जशीट में हाफिज सईद पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), 1967 की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। NIA के अनुसार, उसका उद्देश्य कश्मीर घाटी में अशांति फैलाना, सुरक्षाबलों को निशाना बनाना और भारत की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देना था। एजेंसी ने बताया कि यह सप्लीमेंट्री चार्जशीट पहले दाखिल की गई 1,597 पन्नों की मुख्य चार्जशीट का विस्तार है। इसमें जांच के दौरान जुटाए गए नए साक्ष्यों, पाकिस्तान की भूमिका और हाफिज सईद की कथित संलिप्तता को और विस्तार से शामिल किया गया है। NIA का कहना है कि नई चार्जशीट से जांच को और मजबूती मिली है तथा मामले में उपलब्ध सबूत अदालत के सामने अधिक व्यापक रूप में पेश किए गए हैं। अब इस हाई-प्रोफाइल आतंकी मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया विशेष अदालत में जारी रहेगी।