Saturday, July 11, 2026
English edition

India

दिल्ली के पालम में शुरू हुआ 500 किलोवाट सोलर प्लांट, सीएम रेखा गुप्ता ने किया शुभारंभ

July 5, 2026 Source: Bharat Vaani

दिल्ली के पालम में शुरू हुआ 500 किलोवाट सोलर प्लांट, सीएम रेखा गुप्ता ने किया शुभारंभ
**नई दिल्ली:** दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को पालम विधानसभा क्षेत्र के द्वारका सेक्टर-7 स्थित एयर फोर्स एवं नेवल ऑफिसर्स एन्क्लेव में 500 किलोवाट क्षमता वाले सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन किया। इस परियोजना के शुरू होने से करीब 375 घरों को स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा उपलब्ध होगी। यह पहल दिल्ली में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और बिजली खर्च कम करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सौर ऊर्जा के उपयोग को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार भी स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने लोगों से रूफटॉप सोलर सिस्टम अपनाने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार की योजनाओं के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को एक लाख रुपये से अधिक की सब्सिडी का लाभ मिल रहा है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस सोलर प्लांट को केंद्र सरकार से 90 लाख रुपये और दिल्ली सरकार से 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। इस परियोजना के चालू होने के बाद एन्क्लेव का मासिक बिजली बिल लगभग 12 लाख रुपये से घटकर 6 लाख रुपये रह जाएगा। इससे हर साल करीब 72 लाख रुपये की बचत होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल बिजली की बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी का भी बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मॉडल से प्रेरित होकर दिल्ली की अन्य आवासीय सोसायटियां और संस्थान भी सौर ऊर्जा को अपनाने के लिए आगे आएंगे, जिससे स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।