Wednesday, October 14, 2026
English edition
NEET विवाद पर सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

India

NEET विवाद पर सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

June 28, 2026 Source: Bharat Vaani

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक और CBSE से जुड़े कथित विवादों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन अब और तेज हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से 20 जून से शुरू किया गया धरना रविवार को नौवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसी बीच लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने आंदोलन को समर्थन देते हुए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी, जिससे बड़ी संख्या में छात्र, युवा और विभिन्न संगठनों के लोग प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने लगे। कई किसान संगठनों ने भी इस आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया। भूख हड़ताल शुरू करने से पहले सोनम वांगचुक और CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दीपके ने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस बीच पिछले साल लद्दाख आंदोलन के दौरान सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी का मुद्दा भी एक बार फिर चर्चा में आ गया है। उन्हें लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग से जुड़े आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किया गया था और बाद में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत हिरासत में रखा गया था। वहीं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के उस बयान पर भी विवाद बढ़ गया है, जिसमें उन्होंने कुछ लोगों पर शिक्षा व्यवस्था को अस्थिर करने और देश को बांटने वाली ताकतों का समर्थन करने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में अभिजीत दीपके ने कहा कि आंदोलन में शामिल लोग देश के करदाता हैं और उन्हें आतंकवादी बताना लोकतांत्रिक विरोध का अपमान है। उन्होंने NEET पेपर लीक मामले में सरकार से जवाबदेही तय करने और छात्रों के हित में ठोस कार्रवाई की मांग भी दोहराई।