Saturday, July 11, 2026
English edition

India

कोचिंग सेंटर्स के लिए सीएम रेखा गुप्ता का अल्टीमेटम, एक महीने में पूरी करें सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं

June 28, 2026 Source: Bharat Vaani

कोचिंग सेंटर्स के लिए सीएम रेखा गुप्ता का अल्टीमेटम, एक महीने में पूरी करें सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं
**नई दिल्ली:** दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के सभी कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए एक महीने का समय दिया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि तय समय के भीतर यदि किसी कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी, भवन सुरक्षा या अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में कमी पाई गई, तो संबंधित संस्थान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उसे सील भी किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चाहे दिल्ली में 900 कोचिंग सेंटर हों या 1000, संख्या से अधिक महत्वपूर्ण वहां पढ़ने वाले बच्चों का जीवन और उनकी सुरक्षा है। उन्होंने सभी संस्थानों को फायर ऑडिट कराने, अग्निशमन उपकरण लगाने और भवन सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। रेखा गुप्ता ने यह भी बताया कि दिल्ली हाईकोर्ट की समिति की सिफारिशों के आधार पर कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नया कानून लाने की तैयारी की जा रही है। इस बीच, दिल्ली सरकार ने राजधानी के 923 कोचिंग संस्थानों का व्यापक निरीक्षण कराने का भी फैसला लिया है। शिक्षा, उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष सूद की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि अनिवार्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कार्रवाई होगी। हाल ही में लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत के बाद दिल्ली सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी घटना से सबक लेते हुए राजधानी में कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच शुरू की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी दुर्घटना को रोका जा सके।