Saturday, July 11, 2026
English edition

India

दो साल बाद बदले हालात, आवामी लीग के नेताओं को चुनावी मैदान में उतरने की अनुमति

June 25, 2026 Source: Bharat Vaani

दो साल बाद बदले हालात, आवामी लीग के नेताओं को चुनावी मैदान में उतरने की अनुमति
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी आवामी लीग के लिए बड़ी राजनीतिक राहत की खबर सामने आई है। बांग्लादेश चुनाव आयोग ने आवामी लीग से जुड़े नेताओं को आगामी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में हिस्सा लेने की सशर्त अनुमति दे दी है। इस फैसले को देश की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि अगस्त 2024 में शेख हसीना की सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने आवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके चलते पार्टी आगामी राष्ट्रीय चुनावी प्रक्रिया से लगभग बाहर हो गई थी। हालांकि अब चुनाव आयोग के नए फैसले ने पार्टी के नेताओं के लिए राजनीतिक गतिविधियों का रास्ता फिर से खोल दिया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, आवामी लीग से जुड़े उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से पहले एक शपथपत्र देना होगा। इसमें उन्हें यह घोषित करना होगा कि उनका किसी प्रतिबंधित या देश विरोधी संगठन से कोई संबंध नहीं है। शपथपत्र जमा करने के बाद ही उनके नामांकन पर विचार किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस साल के अंत तक बांग्लादेश में पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव कराए जा सकते हैं। वहीं, मुख्य विपक्षी दल बीएनपी के कुछ नेताओं का भी मानना है कि आवामी लीग के साफ-सुथरी छवि वाले नेताओं को चुनाव में भाग लेने का मौका मिलना चाहिए। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इससे भविष्य में आवामी लीग के भीतर नए समीकरण बन सकते हैं। हाल के दिनों में आवामी लीग के कई नेताओं को फिर से सक्रिय और एकजुट होते देखा गया है। ऐसे में यह फैसला बांग्लादेश की राजनीति में शेख हसीना और उनकी पार्टी की संभावित वापसी की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।