Sunday, October 18, 2026
English edition
इमैनुएल मैक्रों ने हिंदी में किया पीएम मोदी का स्वागत, तारीफों के बांधे पुल...

World

इमैनुएल मैक्रों ने हिंदी में किया पीएम मोदी का स्वागत, तारीफों के बांधे पुल...

June 19, 2026 Source: Bharat Vaani

फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने छह दिवसीय फ्रांस और स्लोवाकिया दौरे को पूरा कर भारत के लिए रवाना हो गए। इस दौरान एक खास पल तब देखने को मिला, जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी को हिंदी में विदाई संदेश देकर सभी को चौंका दिया। मैक्रों ने मुस्कुराते हुए हिंदी में कहा, **“प्रिय मित्र नरेंद्र, आपको नीस, एवियन और पेरिस में स्वागत करके मुझे बहुत खुशी हुई। भारत-फ्रांस की दोस्ती अमर रहे।”** इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी हिंदी सही रही होगी। उन्होंने पीएम मोदी की यात्रा को बेहद सफल बताते हुए कहा कि फ्रांस भारत से प्यार करता है और वह अगले साल फरवरी में फिर से मुलाकात के लिए उत्सुक हैं। अंत में उन्होंने “जय हिंद” कहकर अपना संदेश समाप्त किया। फ्रांस के राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पीएम मोदी के साथ एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे भारत आने का वादा याद दिलाया, जिस पर मैक्रों ने अगले साल फरवरी में भारत आने की पुष्टि की। दूसरी ओर, पेरिस में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की आर्थिक प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश का निर्यात 35 गुना बढ़ा है और मोबाइल निर्माण इकाइयों की संख्या में 100 गुना वृद्धि हुई है। इसके चलते भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन चुका है। बता दें कि जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी की मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी हुई, जहां दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।