Saturday, July 11, 2026
English edition

Development

तीसरी रेल लाइन से बढ़ेगी कोयला परिवहन क्षमता

June 18, 2026 Source: Bharat Vaani

₹755 करोड़ की चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मिली स्वीकृति, ऊर्जा और परिवहन क्षेत्र को मिलेगा बड़ा बढ़ावा रायपुर, 17 जून 2026/ छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देने वाली ₹755 करोड़ की चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश की ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी। यह नई रेल लाइन न केवल कोयला परिवहन क्षमता को सुदृढ़ करेगी, बल्कि क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी गति देगी। उन्होंने कहा कि चांपा-कोरबा रेल खंड देश के प्रमुख कोयला कॉरिडोर में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में कोयले का परिवहन होता है। तीसरी लाइन बनने से मालगाड़ियों की आवाजाही में तेजी आएगी, जिससे बिजली उत्पादन संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति अधिक सुचारु और समयबद्ध हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस परियोजना से यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और छत्तीसगढ़ को ऊर्जा एवं औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगी।

Related links