Tuesday, August 25, 2026
English edition
भवानीपुर सीट की हार के खिलाफ ममता बनर्जी पहुंचीं हाई कोर्ट, दोबारा मतगणना की मांग...

Politics

भवानीपुर सीट की हार के खिलाफ ममता बनर्जी पहुंचीं हाई कोर्ट, दोबारा मतगणना की मांग...

June 16, 2026 Source: Bharat Vaani

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव नतीजों को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी है। उन्होंने चुनाव परिणाम को रद्द करने और मतों की दोबारा गिनती कराने की मांग करते हुए याचिका दायर की है। इस सीट पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें 15,015 वोटों के अंतर से हराया था। ममता बनर्जी खुद हाई कोर्ट पहुंचीं और याचिका दाखिल की। इस दौरान टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी और पार्टी नेता डोला सेन भी उनके साथ मौजूद रहे। याचिका में मतदान से जुड़े सभी दस्तावेज, रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) को सुरक्षित रखने तथा उन्हें तत्काल सील करने की मांग की गई है, ताकि किसी भी तरह की छेड़छाड़ की आशंका को रोका जा सके। याचिका दाखिल होने के बाद वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना के 12वें राउंड के बाद ममता बनर्जी के चुनाव एजेंटों के साथ मारपीट की गई और उन्हें काउंटिंग सेंटर से बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति को लेकर भी आपत्ति जताई और निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए। भवानीपुर सीट की मतगणना सखावत मेमोरियल स्कूल में हुई थी, जहां मतगणना के दौरान टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच विवाद और हंगामे की खबरें सामने आई थीं। इससे पहले वर्ष 2021 में नंदीग्राम विधानसभा चुनाव में हार के बाद भी ममता बनर्जी ने शुभेंदु अधिकारी की जीत को अदालत में चुनौती दी थी। वह मामला अभी भी न्यायालय में लंबित है। ऐसे में भवानीपुर चुनाव परिणाम को लेकर दायर नई याचिका ने राज्य की राजनीति में एक बार फिर बहस को तेज कर दिया है।