Monday, October 19, 2026
English edition
US-ईरान समझौते के बीच इजरायल ने पाकिस्तान को दिखाया आईना, राजदूत बोले- भरोसे लायक नहीं...

World

US-ईरान समझौते के बीच इजरायल ने पाकिस्तान को दिखाया आईना, राजदूत बोले- भरोसे लायक नहीं...

June 16, 2026 Source: Bharat Vaani

अमेरिका और ईरान के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में हुए शांति समझौते ने पश्चिम एशिया की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। जहां पाकिस्तान ने इस समझौते का समर्थन किया है, वहीं इजरायल ने इससे दूरी बनाते हुए इसमें पाकिस्तान की किसी भी संभावित भूमिका को पूरी तरह खारिज कर दिया है। भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने साफ कहा कि इजरायल को पाकिस्तान पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। एक मीडिया बातचीत में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का रवैया हमेशा से निंदनीय रहा है और इजरायल उसे किसी भी तरह का भरोसेमंद साझेदार नहीं मानता। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए थे कि राजनयिक संबंध न होने के बावजूद पाकिस्तान क्षेत्रीय मामलों में भूमिका निभा सकता है। रूवेन अजार ने अमेरिका-ईरान समझौते में लेबनान की भूमिका की अटकलों को भी खारिज करते हुए कहा कि लेबनान के भविष्य का फैसला वहां की सरकार और जनता को ही करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह समझौता मुख्य रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने और क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है। इजरायली राजदूत ने यह भी स्पष्ट किया कि हिज्बुल्लाह के बुनियादी ढांचे को खत्म करने के लिए इजरायल अपनी कार्रवाई जारी रखेगा। गौरतलब है कि इजरायल और पाकिस्तान के रिश्ते लंबे समय से तनावपूर्ण रहे हैं। अप्रैल 2026 में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इजरायल को “कैंसर” और “मानवता के लिए अभिशाप” तक बताया था, जिसके बाद दोनों देशों के बीच बयानबाजी और तेज हो गई थी।