Monday, October 19, 2026
English edition
US एयर फोर्स का B-52 बॉम्बर टेकऑफ के कुछ देर बाद दुर्घटनाग्रस्त, 8 लोगों की गई जान...

World

US एयर फोर्स का B-52 बॉम्बर टेकऑफ के कुछ देर बाद दुर्घटनाग्रस्त, 8 लोगों की गई जान...

June 16, 2026 Source: Bharat Vaani

अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस पर सोमवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। अमेरिकी वायुसेना का B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस बॉम्बर विमान उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें सैन्य अधिकारी, सरकारी कर्मचारी और सरकारी ठेकेदार शामिल थे। जानकारी के अनुसार, विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11:20 बजे टेकऑफ किया था, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल से काले धुएं का विशाल गुबार उठता दिखाई दिया। इसके बाद एयरफील्ड को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और आने वाले विमानों को अन्य एयरबेस की ओर मोड़ दिया गया। अमेरिकी वायुसेना ने इस घटना को बेहद दुखद और असहनीय बताया है। बताया गया कि B-52 बॉम्बर रडार आधुनिकीकरण कार्यक्रम से जुड़े एक परीक्षण मिशन पर था। विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ जेफ गुजेटी के मुताबिक, जिस तरह विमान टेकऑफ के तुरंत बाद ज्यादा ऊंचाई हासिल किए बिना ही गिर गया, उससे शुरुआती तौर पर फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम में खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। B-52 बॉम्बर अमेरिकी वायुसेना के सबसे प्रतिष्ठित विमानों में गिना जाता है। इसका विकास शीत युद्ध के दौरान 1950 के दशक में किया गया था। यह विमान पारंपरिक और परमाणु दोनों प्रकार के हथियार ले जाने में सक्षम है। हालांकि इसका उत्पादन 1962 में ही बंद कर दिया गया था, लेकिन यह आज भी अमेरिकी वायुसेना की सेवा में शामिल है।