Monday, July 13, 2026
English edition

World

पाकिस्तान में वायुसेना का ट्रेनिंग विमान क्रैश, दोनों पायलटों की मौत...

June 15, 2026 Source: Bharat Vaani

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत के मरदान जिले में सोमवार को पाकिस्तान वायुसेना का एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई, जबकि सड़क से गुजर रहे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह विमान नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था और उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वह कटलंग रोड के पास जाबर नहर क्षेत्र में जा गिरा। विमान के जमीन से टकराते ही इलाके में आग की ऊंची लपटें और धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस दुर्घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है। फुटेज में देखा जा सकता है कि सड़क पर सामान्य रूप से वाहन चल रहे थे और उसी दौरान दो मोटरसाइकिल सवार वहां से गुजर रहे थे। तभी विमान अचानक सड़क के बीचोंबीच आकर गिर गया, जिससे आग की एक लंबी लपट उठी और दोनों बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। गौरतलब है कि पिछले एक महीने के भीतर पाकिस्तान में यह पांचवां सैन्य विमान हादसा है। इससे पहले पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में हुए Mi-17 हेलीकॉप्टर हादसे में 22 सैन्यकर्मियों की जान चली गई थी। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं के बाद पाकिस्तान की सैन्य विमान सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।