Sports
Women’s T20 World Cup 2026: भारत की धमाकेदार शुरुआत, पाकिस्तान को 64 रन से रौंदा, दीप्ति शर्मा का पंजा...
June 14, 2026 Source: Bharat Vaani
Women’s T20 World Cup 2026: महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से करारी शिकस्त दी। बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 17 ओवर में 106 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारतीय टीम की ओर से उपकप्तान स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन का योगदान दिया, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने अंतिम ओवरों में तेज बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 34 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और कप्तान फातिमा सना ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि तस्मिया रुबाब और रामीन शमीम को एक-एक सफलता मिली।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। मुनीबा अली ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। भारतीय गेंदबाजों ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा।
स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 10 रन देकर पांच विकेट झटके और पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उनके अलावा श्री चरणी ने तीन विकेट लिए, जबकि शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली।
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने विश्व कप अभियान का विजयी आगाज किया और ग्रुप चरण में अपने अगले मुकाबले में 17 जून को नीदरलैंड्स का सामना करेगी।