World
तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद बढ़ा विवाद, अमेरिका बोला- हमारे निर्देश मानने होंगे...
June 13, 2026 Source: Bharat Vaani
होर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान की खाड़ी में वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही को लेकर भारत और अमेरिका के बीच तनाव खुलकर सामने आ गया है। अमेरिकी नौसैनिक कार्रवाई में तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया, लेकिन अमेरिका ने स्पष्ट कर दिया कि उसकी नाकेबंदी का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी जहाजों को अमेरिकी बलों के निर्देशों का पालन करना होगा।
शुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान जयशंकर ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना की कार्रवाई पर भारत की गंभीर आपत्ति दोहराई। उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों के खिलाफ ऐसी घातक कार्रवाई उचित नहीं है और इससे निर्दोष लोगों की जान गई है।
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने अमेरिकी विदेश मंत्री से बातचीत में तीन भारतीय नाविकों की मौत पर गहरी चिंता व्यक्त की और मामले में भारत का विरोध दर्ज कराया।
बाद में अमेरिकी विदेश विभाग के प्रिंसिपल डिप्टी प्रवक्ता टामी पिगोट ने बयान जारी कर कहा कि मार्को रुबियो ने बातचीत के दौरान जोर देकर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी वाणिज्यिक जहाजों को अमेरिकी बलों के आदेशों का तत्काल पालन करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन और ईरानी तेल के अवैध परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अमेरिका के इस बयान के बाद भारतीय कूटनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि हाल के दिनों में भारतीय नाविकों वाले जहाजों को निशाना बनाए जाने के पीछे अमेरिका का सख्त संदेश देने का प्रयास हो सकता है।