Thursday, October 15, 2026
English edition
कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के घर पुलिस और केंद्रीय फोर्स की तैनाती, ममता बनर्जी मौके पर...

India

कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के घर पुलिस और केंद्रीय फोर्स की तैनाती, ममता बनर्जी मौके पर...

June 13, 2026 Source: Bharat Vaani

तृणमूल कांग्रेस के सांसद और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। शनिवार सुबह कोलकाता के कालीघाट स्थित उनके आवास पर कोलकाता पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीम पहुंची, जिससे इलाके में हलचल मच गई। इस दौरान कालीघाट और शालबनी थाने के अधिकारी भी मौजूद रहे और महिला पुलिसकर्मियों को भी टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, शुरुआती दौर में कार्रवाई के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। सूत्रों के अनुसार, आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारियों ने ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। माना जा रहा है कि उस समय अभिषेक बनर्जी आवास के भीतर ही मौजूद थे। जानकारी मिलने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी सुबह-सुबह उनके घर पहुंच गईं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस एक सहायक की तलाश में तलाशी अभियान चला रही है। वहीं, फर्जी हस्ताक्षर मामले की जांच पहले से जारी है और इसी सिलसिले में गुरुवार को सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी से पूछताछ की थी। इसके अलावा हेट स्पीच मामले में भी उन्हें नोटिस जारी किया जा चुका है। इसी बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित नगरपालिका भर्ती घोटाले से जुड़े मामले में तृणमूल कांग्रेस विधायक मदन मित्रा के दक्षिणेश्वर स्थित आवास पर भी छापेमारी की। शनिवार सुबह हुई इन कार्रवाइयों ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। फिलहाल जांच एजेंसियां मामले की विभिन्न पहलुओं से पड़ताल कर रही हैं और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।