Sunday, July 12, 2026
English edition

India

शाला प्रवेश उत्सव 16 जून से, शिक्षा विभाग ने जारी किया आवश्यक पत्र...

June 12, 2026 Source: Bharat Vaani

शाला प्रवेश उत्सव 16 जून से, शिक्षा विभाग ने जारी किया आवश्यक पत्र...
रायपुर। प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ 16 जून से सभी स्तरों पर **शाला प्रवेश उत्सव** का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा स्कूल प्राचार्यों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि शाला प्रवेश उत्सव के सफल आयोजन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके तहत बैनर-पोस्टर लगाए जाएंगे, रैलियां निकाली जाएंगी तथा गांवों और शहरी वार्डों में मुनादी कर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समितियों और पालकों को विशेष रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल खुलने से पहले सभी शाला भवनों की साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत कार्य 15 जून तक पूरा करने को कहा गया है। स्कूल परिसर को आकर्षक बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी भी पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। कक्षा पहली में प्रवेश के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची प्राप्त की जाएगी, जबकि पांचवीं उत्तीर्ण छात्रों को छठवीं कक्षा में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। शिक्षा विभाग ने लंबित प्रकरणों के निराकरण, शिक्षकों के लिए आगामी तीन महीनों का शैक्षणिक रोडमैप तैयार करने तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। शाला प्रवेश उत्सव में स्थानीय समुदाय, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश और साइकिल का वितरण भी किया जाएगा, जबकि इच्छुक नागरिक बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, स्लेट, पेंसिल और अन्य शैक्षणिक सामग्री भेंट कर सकेंगे।