Thursday, October 15, 2026
English edition
खुद को ‘पुष्पा’ कहने वाले जहांगीर की निकली हेकड़ी, हाफ पैंट में पुलिस संग पैदल चला...

India

खुद को ‘पुष्पा’ कहने वाले जहांगीर की निकली हेकड़ी, हाफ पैंट में पुलिस संग पैदल चला...

June 11, 2026 Source: Bharat Vaani

एक समय खुद को फालता का ‘पुष्पा’ बताने वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता जहांगीर खान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कई दिनों तक फरार रहने के बाद पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने उसे नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद जांच के सिलसिले में पुलिस उसे फालता लेकर पहुंची, जहां सुरक्षा घेरे में हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने पैदल ले जाए जाने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। जहांगीर खान फालता विधानसभा सीट से टीएमसी के उम्मीदवार रहे थे। उन पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें दक्षिण 24 परगना क्षेत्र में ईवीएम से छेड़छाड़ और बीजेपी के चुनाव चिह्न को टेप से ढकने जैसे आरोप शामिल हैं। विवादों के चलते चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया में गड़बड़ियों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का हवाला देते हुए फालता सीट पर दोबारा मतदान का आदेश दिया था। मतदान के दौरान कई बूथों पर मतदाताओं को डराने-धमकाने और ईवीएम में कथित छेड़छाड़ की शिकायतें सामने आई थीं। वहीं, सीसीटीवी फुटेज भी पूरी तरह उपलब्ध नहीं होने से मतदान की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए थे। दरअसल, चुनाव से पहले पुलिस ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा के साथ जुबानी जंग के दौरान जहांगीर खान ने खुद की तुलना फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार से करते हुए कहा था, “अगर वह सिंघम हैं, तो मैं पुष्पा हूं।” हालांकि, कलकत्ता हाई कोर्ट द्वारा अंतरिम सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फालता थाने में उसके खिलाफ करीब सात एफआईआर दर्ज बताई जा रही हैं।