Thursday, October 15, 2026
English edition
मेघालय बॉर्डर पर हाई वोल्टेज ड्रामा, किसी ने नहीं अपनाया बांग्लादेशी घुसपैठिया

India

मेघालय बॉर्डर पर हाई वोल्टेज ड्रामा, किसी ने नहीं अपनाया बांग्लादेशी घुसपैठिया

June 11, 2026 Source: Bharat Vaani

मेघालय के साउथ वेस्ट गारो हिल्स जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बांग्लादेशी नागरिक को वापस भेजने को लेकर विवाद की स्थिति पैदा हो गई। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने कथित तौर पर अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाले 55 वर्षीय व्यक्ति को हिरासत में लेने के बाद गुरुवार को बांग्लादेश वापस भेजने की कार्रवाई की, लेकिन बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने उसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। यह घटना महेंद्रगंज के नजदीक नंदिर चार सेक्टर में सामने आई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताया था, लेकिन इसके बावजूद बांग्लादेश की ओर से उसे अपने कब्जे में नहीं लिया गया। इसके चलते वह कुछ समय तक दोनों देशों की सीमा के बीच स्थित ‘नो-मैन्स लैंड’ यानी जीरो लाइन पर फंसा रहा। बीएसएफ की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे सीमा पार भेजा गया था, लेकिन BGB के जवानों और सीमा पार मौजूद स्थानीय लोगों ने भी उसे बांग्लादेश में प्रवेश नहीं करने दिया। इस घटनाक्रम के बाद सीमा क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें नंदिर चार इलाके में तनावपूर्ण स्थिति देखी जा सकती है। हालांकि, इस मामले पर अब तक न तो BSF और न ही बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल सार्वजनिक टिप्पणी से बच रही हैं।