Monday, October 19, 2026
English edition
ईरान को ट्रंप की नई चेतावनी, कहा- बहुत देर हो चुकी, अब भुगतना पड़ेगा

World

ईरान को ट्रंप की नई चेतावनी, कहा- बहुत देर हो चुकी, अब भुगतना पड़ेगा

June 11, 2026 Source: Bharat Vaani

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाया है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप ने कहा कि तेहरान ने उस समझौते पर बातचीत करने में बहुत ज्यादा समय बर्बाद कर दिया, जो उसके लिए फायदेमंद साबित हो सकता था। उन्होंने साफ कहा कि अब ईरान को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट के पास गश्त के दौरान अमेरिकी सेना के एक अत्याधुनिक अपाचे हेलीकॉप्टर को नुकसान पहुंचा। इसके बाद अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर रात ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू कर दिया। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि हेलीकॉप्टर एक ईरानी ड्रोन से टकराया था, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई का फैसला लिया गया। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान पर बेहद जोरदार हमला करने जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है और उसकी नौसेना तथा वायुसेना के महत्वपूर्ण हिस्से लगभग तबाह हो चुके हैं। अमेरिकी सेना ने अपने अभियान को ईरान की आक्रामकता का जवाब बताया है। वहीं, अमेरिका के हमलों के बाद ईरान ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह बंद करने का ऐलान किया है। ईरानी सैन्य नेतृत्व ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र से गुजरने वाले किसी भी जहाज को निशाना बनाया जा सकता है। दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य टकराव ने पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।