Thursday, October 15, 2026
English edition
महाराष्ट्र के बीड में बड़ा हादसा, 35 श्रद्धालुओं को लेकर जा रही नाव पलटी, 2 की मौत

India

महाराष्ट्र के बीड में बड़ा हादसा, 35 श्रद्धालुओं को लेकर जा रही नाव पलटी, 2 की मौत

June 10, 2026 Source: Bharat Vaani

महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव तालुका स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल पुरुषोत्तमपुरी से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। भगवान के दर्शन के लिए गए श्रद्धालुओं से भरी नाव गोदावरी नदी में पलट गई, जिससे दो महिला श्रद्धालुओं की डूबने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, नाव में करीब 35 श्रद्धालु सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव में उसकी क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था। इसी कारण बीच नदी में नाव का संतुलन बिगड़ गया और तेज बहाव के बीच नाव पलटकर डूब गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में जिन दो महिलाओं की मौत हुई है, उनकी पहचान श्रीमती प्रमीला शेषराव राठौड़ (55) और श्रीमती कांताबाई ज्ञानोबा आंधले (60) के रूप में हुई है। दोनों बुलढाणा जिले के बिबी गांव की निवासी थीं। वहीं, वाशिम जिले के महागांव निवासी सिंधुबाई मवाळ गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही बीड के जिला कलेक्टर विवेक जॉनसन ने मामले का संज्ञान लिया और अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट तलब की। उन्होंने उपविभागीय अधिकारी (एसडीओ) को हादसे की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है।