Monday, July 13, 2026
English edition

World

‘अब और हमला नहीं…’, डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान-इजरायल से तुरंत युद्ध रोकने को कहा...

June 8, 2026 Source: Bharat Vaani

‘अब और हमला नहीं…’, डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान-इजरायल से तुरंत युद्ध रोकने को कहा...
Donald Trump On Iran-Israel Conflict: ईरान और इजरायल के बीच एक बार फिर बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों को तुरंत संघर्ष रोकने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि ईरान और इजरायल को तत्काल एक-दूसरे पर हमला और गोलीबारी बंद कर देनी चाहिए। दरअसल, रविवार देर रात लेबनान में हिजबुल्लाह से जुड़े ठिकानों पर इजरायली कार्रवाई के बाद हालात और बिगड़ गए। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल की ओर कई मिसाइलें दागीं, जिसके बाद दोनों देशों के बीच सीधा टकराव तेज हो गया। ईरानी हमले के बाद इजरायल ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए राजधानी तेहरान समेत इस्फहान, तबरीज और पश्चिमी ईरान के कई हिस्सों को निशाना बनाया। हमलों के बाद तेहरान स्थित इमाम खोमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया। वहीं, इराक ने 72 घंटे और सीरिया ने 12 घंटे के लिए अपना एयरस्पेस बंद करने का फैसला लिया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इजरायली हमलों की पुष्टि करते हुए दावा किया कि इस कार्रवाई में हवा से दागी जाने वाली बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। इस्फहान, तेहरान और तबरीज समेत कई शहरों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। हालांकि, इजरायल का कहना है कि उसके लड़ाकू विमान ईरानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश नहीं किए और हमले दूर से किए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप ने पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत कर जवाबी कार्रवाई से बचने की सलाह दी थी, लेकिन इसके बावजूद इजरायल ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हमला किया, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया।