Monday, October 19, 2026
English edition
इंटरनेशनल ड्रग्स नेटवर्क पर ED का शिकंजा, 4 ठिकानों पर 142 करोड़ की छापेमारी....

World

इंटरनेशनल ड्रग्स नेटवर्क पर ED का शिकंजा, 4 ठिकानों पर 142 करोड़ की छापेमारी....

June 8, 2026 Source: Bharat Vaani

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने म्यांमार–बांग्लादेश सीमा से जुड़े एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस ऑपरेशन के तहत एजेंसी ने मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की, जिसमें 142 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन का खुलासा हुआ है। यह कार्रवाई रविवार सुबह की गई और इसे संगठित तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। ED के अनुसार यह पूरा मामला पिछले साल मिजोरम में पकड़े गए एक बड़े ड्रग्स कंसाइनमेंट से जुड़ा है। 21 अगस्त 2025 को मिजोरम में वाहन जांच के दौरान 49.101 किलोग्राम मेथामफेटामाइन टैबलेट्स और 40 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी, जिसमें आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था। शुरुआती जांच के बाद यह सामने आया कि यह सिर्फ एक सामान्य तस्करी का मामला नहीं था, बल्कि यह एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा था, जो म्यांमार से भारत में सक्रिय था। जांच में पता चला कि म्यांमार स्थित सप्लायरों से ड्रग्स को मिजोरम के चाम्फाई-जोखावथार सेक्टर के रास्ते भारत में लाया जाता था। इसके बाद यह खेप त्रिपुरा के जरिए देश के अन्य राज्यों में सप्लाई की जाती थी। इस नेटवर्क ने सीमा पार कई सुरक्षित रूट बनाकर अवैध कारोबार को फैलाया हुआ था। ED की जांच में यह भी सामने आया कि इस ड्रग्स नेटवर्क से कमाए गए पैसों को छिपाने के लिए शेल कंपनियों और कई बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया था। करीब 142 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध आय को अलग-अलग तरीकों से विदेश भेजने और वैध दिखाने की कोशिश की गई। एजेंसी ने बताया कि जिन स्थानों पर छापेमारी की गई, वे अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के बेहद करीब हैं—त्रिपुरा में बांग्लादेश बॉर्डर से लगभग 200 मीटर और मिजोरम में म्यांमार सीमा से करीब 500 मीटर दूरी पर स्थित हैं। इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।