Thursday, October 15, 2026
English edition
12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर, CBSE ने OSM प्लेटफॉर्म पर दोबारा जताया विश्वास ...

India

12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर, CBSE ने OSM प्लेटफॉर्म पर दोबारा जताया विश्वास ...

June 6, 2026 Source: Bharat Vaani

कक्षा 12वीं की री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक बार फिर बड़ा अपडेट सामने आया है। पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि CBSE बोर्ड ने री-इवैल्यूएशन से Coempt Eduteck के OnMark (OSM) प्लेटफॉर्म को अलग कर दिया है और उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच अपने पोर्टल के माध्यम से कराई जाएगी। माना जा रहा था कि संवेदनशील प्रक्रिया पर सीधे नियंत्रण के लिए बोर्ड यह कदम उठा रहा है। हालांकि अब ताजा जानकारी के अनुसार, हैदराबाद स्थित Coempt Eduteck कंपनी री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया से जुड़ी रहेगी। कक्षा 12वीं के छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग और मूल्यांकन के लिए OSM प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल पहले की तरह जारी रखा जाएगा। इससे साफ है कि CBSE ने एक बार फिर कंपनी की तकनीकी व्यवस्था पर भरोसा जताया है। गौरतलब है कि OSM प्रणाली उस समय विवादों में आ गई थी, जब कुछ छात्रों ने आरोप लगाया था कि बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराई गई स्कैन कॉपियां उनकी लिखावट से मेल नहीं खा रही थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई सवाल उठे और मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर बहस तेज हो गई। इन विवादों के बावजूद CBSE ने स्पष्ट किया है कि री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया के दौरान डेटा सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत बनाया जाएगा। बोर्ड का कहना है कि छात्रों की जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी और मूल्यांकन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल, CBSE के इस नए फैसले ने छात्रों और अभिभावकों के बीच एक बार फिर चर्चा और चिंताओं को बढ़ा दिया है।