Thursday, October 15, 2026
English edition
CM शुभेंदु अधिकारी ने शुरू की ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना, महिलाओं के खातों में पहुंचे पैसे ...

India

CM शुभेंदु अधिकारी ने शुरू की ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना, महिलाओं के खातों में पहुंचे पैसे ...

June 3, 2026 Source: Bharat Vaani

पश्चिम बंगाल में नवगठित भाजपा सरकार ने अपने चुनावी वादे को पूरा करते हुए बुधवार को ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना का औपचारिक शुभारंभ कर दिया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सचिवालय नवान्न में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की। योजना के तहत राज्य की 28 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 3,000-3,000 रुपये की राशि ट्रांसफर की गई। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने संकल्प पत्र में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना लागू करने का वादा किया था। सरकार बनने के महज एक महीने के भीतर योजना को लागू किए जाने से लाभार्थी महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। सरकार ने बताया कि योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया अगले तीन महीनों तक जारी रहेगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने जानकारी दी कि जो महिलाएं पहले से लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ ले रही हैं, उन्हें भी अन्नपूर्णा भंडार योजना के लिए नया पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए 12 पृष्ठों का आवेदन पत्र तैयार किया गया है। राज्य के मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने कहा कि योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आम नागरिकों को अपात्र लाभार्थियों के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी दिया जाएगा। सरकार का दावा है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।