India
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु छत्तीसगढ़ में पोस्टर प्रतियोगिता 5 जून को
June 1, 2026 Source: Bharat Vaani
*विश्व पर्यावरण दिवस पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल आयोजित करेगा पोस्टर प्रतियोगिता*
*प्रकृति से प्रेरित होकर जलवायु और भविष्य का संरक्षण करें विषय पर होगी प्रतियोगिता*
*चार आयु वर्गों में आकर्षक नगद पुरस्कार, 5 जून को होटल बेबिलॉन इंटरनेशनल रायपुर में आयोजन*
रायपुर, 1 जून 2026/ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 5 जून 2026 को प्रातः 10 बजे से होटल बेबिलॉन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड, रायपुर में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का विषय प्रकृति से प्रेरित होकर जलवायु और भविष्य का संरक्षण करें रखा गया है। प्रतियोगिता चार आयु वर्गों में आयोजित होगी, जिसमें प्रथम वर्ग 12 वर्ष तक, द्वितीय वर्ग 13 से 17 वर्ष, तृतीय वर्ग 18 से 21 वर्ष तथा चतुर्थ वर्ग दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित किया गया है।
प्रतियोगिता में प्रत्येक वर्ग के लिए पृथक-पृथक आकर्षक नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 5 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 4 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 3 हजार रुपये तथा दो सांत्वना पुरस्कार एक -एक रुपये के होंगे।
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सदस्य सचिव श्री राजु अगसिमनि ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) द्वारा इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम क्लाइमेट एक्शन निर्धारित की गई है। इसी परिप्रेक्ष्य में आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं एवं आम नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अपना पहचान पत्र एवं आयु प्रमाण-पत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी। प्रतियोगिता स्थल पर ही पंजीयन की व्यवस्था की गई है, जिसके लिए प्रतिभागियों को प्रातः 9.30 बजे तक उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
प्रतियोगिता के विजेताओं को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम, संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने विद्यार्थियों एवं दिव्यांगजनों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया है।