Monday, July 13, 2026
English edition

India

रायपुर में सजा आमों का रंगारंग महोत्सव, देश-विदेश की किस्में आकर्षण का केंद्र

May 29, 2026 Source: Bharat Vaani

रायपुर, 29 मई 2026/ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में 29 से 31 मई 2026 तक तीन दिवसीय “राष्ट्रीय आम महोत्सव-2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव का उद्देश्य देश के राष्ट्रीय फल ‘आम’ की विविधता, उत्पादन तकनीकों, प्रसंस्करण और विपणन की संभावनाओं को बढ़ावा देना है। इस आयोजन में देश-विदेश की 250 से अधिक आम की किस्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसमें दशहरी, लंगड़ा, अलफांसो, केसर, तोतापरी जैसी लोकप्रिय किस्मों के साथ-साथ मियाजाकी जैसी विदेशी किस्में भी शामिल हैं। महोत्सव में किसानों, उद्यमियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आम उत्पादन, उन्नत तकनीकों और बाजार से जुड़ने के अवसर मिल रहे हैं। महोत्सव के दौरान आम पर आधारित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जैसे आम सजावट, आम व्यंजन प्रतियोगिता, मैंगो क्विज और फैंसी ड्रेस। इसके अलावा आम से बने उत्पाद जैसे अचार, पना, जूस, जैम, आम पापड़ आदि भी प्रदर्शित और विक्रय के लिए उपलब्ध हैं। दूसरे दिन “आम उत्पादन: समस्या एवं समाधान” विषय पर तकनीकी सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कृषि विशेषज्ञ किसानों को उन्नत खेती, रोग नियंत्रण और बेहतर उत्पादन के उपायों की जानकारी दे रहे हैं। इस पहल से किसानों को आधुनिक तकनीकों के साथ जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। महोत्सव का एक प्रमुख उद्देश्य युवाओं और किसानों को आम उत्पादन को एक लाभकारी व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। यह आयोजन न केवल कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित कर रहा है, बल्कि छत्तीसगढ़ को आम उत्पादन और कृषि पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

Related links