Tuesday, October 20, 2026
English edition
Share Market Update : बाजार में तेजी, सेंसेक्स-निफ्टी दोनों हरे निशान पर

World

Share Market Update : बाजार में तेजी, सेंसेक्स-निफ्टी दोनों हरे निशान पर

May 29, 2026 Source: Bharat Vaani

मुंबई – भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को सकारात्मक माहौल देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 250 अंकों की बढ़त के साथ 76,100 के स्तर पर ट्रेड करता नजर आया, जबकि निफ्टी भी लगभग 50 अंकों की मजबूती के साथ 23,960 के आसपास पहुंच गया। बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी आईटी सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली, जिससे निवेशकों का उत्साह बढ़ा। वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों का असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया। एशियाई और अमेरिकी बाजारों में हाल के कारोबारी सत्र में तेजी का रुख बना रहा। एशियाई बाजारों में निवेशकों ने जोरदार खरीदारी की, जिसके चलते प्रमुख सूचकांकों में अच्छी बढ़त दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स करीब 2 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ, जबकि जापान का निक्केई सूचकांक भी मजबूत बढ़त के साथ ऊपर पहुंचा। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स में भी हल्की तेजी दर्ज की गई। अमेरिकी बाजारों में भी सकारात्मक माहौल बना रहा। डॉव जोन्स, नैस्डैक और S&P 500 इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए। खासकर टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल सेक्टर में खरीदारी बढ़ने से अमेरिकी बाजारों को मजबूती मिली। इसका असर भारतीय निवेशकों की धारणा पर भी पड़ा। हालांकि, भारतीय बाजार के लिए विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली चिंता का विषय बनी हुई है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs/FPI) ने पिछले कारोबारी सत्र में करीब 1,043 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिक्री की। पिछले सात दिनों और 30 दिनों के आंकड़े भी यह संकेत देते हैं कि विदेशी निवेशक लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने बाजार को मजबूत सहारा दिया है। घरेलू निवेशकों ने पिछले कारोबारी सत्र में लगभग 3,821 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। पिछले सात दिनों में उनकी खरीदारी 9,000 करोड़ रुपये से अधिक रही, जबकि पिछले 30 दिनों में यह आंकड़ा 69 हजार करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया। घरेलू निवेशकों की यही मजबूत भागीदारी बाजार को स्थिर बनाए रखने में मदद कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक बाजारों में जारी मजबूती और आईटी सेक्टर में खरीदारी के चलते भारतीय बाजार में फिलहाल सकारात्मक रुख बना रह सकता है। हालांकि, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और बैंकिंग शेयरों में दबाव बाजार की आगे की दिशा तय करेंगे। गौरतलब है कि बकरी ईद की छुट्टी के कारण पिछले दिन शेयर बाजार बंद रहा था। उससे पहले के कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 142 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ था, जबकि निफ्टी में भी हल्की कमजोरी देखी गई थी। उस दिन बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली का दबाव देखने को मिला था।